हिमाचल विधानसभा शीत सत्र के तीसरे दिन शुक्रवार को पुलिस मैदान में मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए माैके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। आक्रोश रैली के बाद पेंशनर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए जोरावर स्टेडियम के लिए रवाना हुए। इस दौरान पुलिस बल ने प्रवेश द्वार बंद कर दिया लेकिन पेंशनरों ने एकत्रित होकर धक्का लगाकर गेट खोल दिया। इसके बाद पेंशनर जोरावर स्टेडियम की ओर बढ़े। जोरावर स्टेडियम पहुंचने पर पेंशनर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए अड़ गए। इस दाैरान पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। गुस्साए पेंशनरों ने चक्का जाम किया। इस दाैरान काफी देर तक माहाैल तनावपूर्ण होगा। इस दाैरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य नेता भी जाम में फंस गए।