मांगों को लेकर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) ने शनिवार को कांगड़ा से लेकर धर्मशाला तक सामााजिक न्याय यात्रा निकाली। यह यात्रा नगर परिषद मैदान कांगड़ा से शुरू हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में ओबीसी वर्ग के लोग शामिल हुए। इस न्याय यात्रा को निकालने का उद्देश्य 93वें संविधान संशोधन व सर्वोच्च न्यायालय के आदेश अनुसार सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में ओबीसी को आरक्षण लागू करवाने की मांग प्रमुख है। इसके अलावा अन्य मांगों में मंडल आयोग व सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सभी सरकारी व अर्द्धसरकारी सेवाओं में 27 फीसदी आरक्षण लागू करना, केंद्रीय विश्वविद्यालय व प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय में ओबीसी छात्रों के लिए छात्रावास बनाने की मांग, राइट टू एजुकेशन एक्ट को प्रदेश में पूरी तरह से लागू करना, सभी विभागों व संस्थानों में रोस्टर प्रणाली से ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करना आदि शामिल है।