धर्मशाला के चील गाड़ी क्षेत्र में रविवार को गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर सिलिंडर लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग लंबी कतारों में लग गए थे और सड़क किनारे वाहनों को बेतरतीब खड़ा कर दिया, जिससे इलाके में काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, गैस एजेंसी के कर्मचारियों को भी भीड़ को संभालने में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। हालांकि प्रशासन की ओर से पहले ही स्पष्ट किया गया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद लोगों में सिलिंडर लेने की होड़ देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि गोदाम में एक दिन में ही दो सौ से अधिक सिलिंडरों की बिक्री हो रही है, जिससे अव्यवस्था और बढ़ रही है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और एजेंसी प्रबंधन के सामने व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।