रविवार को धर्मशाला में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कांगड़ा ने नई परिसर प्रणाली के विरोध में रोष प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांगड़ा के सभी 23 खंडों के 352 केंद्रों से 3000 से अधिक प्राथमिक शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, शिक्षा विभाग से जुड़े अन्य कर्मचारी तथा जेबीटी प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षक सुबह साढ़े 11 बजे डीआईजी मैदान में एकत्रित होना शुरू हो गए। वहीं दोपहर एक बजे शिक्षक रेडक्रास चौक होते हुए जिलाधीश कार्यालय परिसर तक रोष रैली निकालेंगे और वहां पर धरना प्रदर्शन करेंगे। यह धरना प्रदर्शन शिक्षा विभाग द्वारा 23 सितंबर 2025 को जारी अधिसूचना के खिलाफ किया जा रहा है। शिक्षकों की मांग है कि 13 फरवरी, 2024 की संशोधित अधिसूचना को ही यथावत रखा जाए तथा नई प्रणाली को केवल रिसोर्स शेयरिंग तक सीमित किया जाए।