टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने वीरवार को उपायुक्त कांगड़ा को ज्ञापन सौंपकर एटीएस (ATS) और जीपीएस (GPS) व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। यूनियन का कहना है कि पिछले कई महीनों से लागू इस व्यवस्था के कारण जिले के परिवहन संचालकों को आर्थिक, प्रशासनिक और व्यावसायिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। धर्मशाला इकाई के प्रधान कपिल और पालमपुर खंड के प्रधान कार्तिक ने बताया कि अप्रैल 2026 में भी इस मुद्दे को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के समक्ष उठाया गया था। उस समय प्रशासन ने समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यूनियन ने मांग की कि जिले के सभी उपमंडलों में तत्काल प्रभाव से मैनुअल ब्लॉकिंग पासिंग व्यवस्था दोबारा शुरू की जाए। इसके अलावा एटीएस व्यवस्था को वैकल्पिक (ऑप्शनल) बनाया जाए, ताकि वाहन संचालकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। यूनियन का कहना है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से ज्ञापन पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।