नगर परिषद के हरदासपुरा वार्ड में कूड़े में लगी आग से उठता धुंआ स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों के लिए आफत बना रहा। बुधवार को सुबह 8:00 बजे अज्ञात लोगों ने कूड़े में आग लगा दी। इसके चलते वहां से दिन भर दुषित धुंआ उठता रहा। लेकिन हैरानी इस बात की रही कि कूड़े में लगी आग को बुझाने के लिए नगर परिषद का कोई भी कर्मचारी वहां नहीं पहुंचा। सफाई के ठेकेदारों के कर्मचारी वहां पहुंचे। जिन्होंने आग को बुझाने की बजाए। उस आग में सारा कूड़ा ईकठ्ठा करके जलने के लिए डाल दिया। सुबह से लेकर शाम तक आग से दुषित धुंआ उठता रहा। चंबा-भरमौर एनएच में हरदासपुरा किनारे भड़की कूड़े की आग से वाहन चालकों समेत सड़क पर पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। राहगीरों में मनीष कुमार, संजय शर्मा, योगराज, केवल, सुनील कुमार, परमेश, होशियार सिंह और अजय कुमार ने बताया कि हरदासपुरा में पहली बार कूड़े में आग नहीं लगाई गई है। इससे पहले भी कई बार कूड़े में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।