चुराह उपमंडल में लगातार हो रही बारिश के चलते नकरोड़-चांजू मार्ग पर बहने वाला कंगेला नाला उफान पर है। तेज बहाव और मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हो गई है। पिछले वर्ष बादल फटने से नाले पर बना पुल बह गया था, लेकिन अब तक उसका पुनर्निर्माण नहीं हो सका है। पैदल आवाजाही के लिए भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। मजबूरी में बघेईगढ़, चांजू, चरड़ा और देहरा पंचायतों के लोग, खासकर स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग, जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को स्कूल भेजते समय हर पल हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार बच्चे फिसलते-फिसलते बचे हैं। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल अस्थायी पैदल पुल बनाने तथा क्षतिग्रस्त पुल का निर्माण युद्धस्तर पर शुरू करने की मांग की है।