चंबा में पुलिस मैदान बारगाह स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस आगे खड़े सरिये से भरे ट्राले से जा टकराई। हादसे में बस में सवार करीब 15 सवारियां बाल-बाल बच गईं। बस और ट्राले की टक्कर के बाद हाईवे पर चंबा और भरमौर की तरफ से वाहनों का लंबा जाम लग गया। आखिरकार मौके पर पहुंचकर यातायात पुलिस जवानों ने जाम को खुलवाकर वाहनों के लिए हाईवे बहाल किया। चंबा-किलाड़ रूट की बस मंगलवार सुबह न्यू बस स्टैंड से पुराना बस अडडा में सवारियां लेने के लिए निकली थी। सपड़ी से सवारियां लेकर वापस न्यू बस स्टैंड आते वक्त बस और ट्राले के बीच में टक्कर हो गई। एचआरटीसी के आरएम शुगल सिंह ने बताया कि टक्कर से बस को काफी क्षति पहुंची है।