चंबा जिले के भटियात उपमंडल के बनीखेत क्षेत्र में रविवार सुबह लगातार बारिश के बीच लाहड़ू–सिहुंता मार्ग पर भारी भूस्खलन हो गया। पनिहाली माता मंदिर के समीप पहाड़ी से अचानक चट्टानें और भारी मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मलबे की चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को अवगत कराया गया। सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने के लिए मशीनरी मौके पर भेजी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहते ही मार्ग को जल्द से जल्द खोलने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचें और मार्ग पूरी तरह बहाल होने तक वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।