विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने जिला मुख्यालय चंबा पहुंचे। सदर विधायक नीरज नैयर, डलहौजी विधायक डीएस ठाकुर, भरमौर विधायक जनक राज, जिला मार्केटिंग चेयरमैन ललित ठाकुर, हज कमेटी चेयरमैन दिलदार अली ने विस अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। बचत भवन चंबा में आयोजित हुई जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति बैठक में विभिन्न सदस्यों की ओर से विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त मदों के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को विधानसभा अध्यक्ष की ओर से जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैठक में अधिकतर मद लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित थे। इसके अलावा कृषि विभाग, एकीकृत बाल विकास परियोजना विभाग, राजस्व विभाग,वन विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग इत्यादि से संबंधित विषय भी चर्चा में शामिल थे।