मूसलाधार बारिश के बीच शनिवार सुबह 10:00 बजे सलूणी स्थित टैक्सी स्टैंड के पास स्थित बिजली के खंभे में अचानक आग भड़क गई। बिजली के खंभे से उठती आग की लपटें देख लोगों ने यहां सड़क किनारे खड़े वाहनों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों में पार्क किया। वहीं, सूचना मिलने के बाद विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर बिजली की लाइन को बंद किया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। स्थानीय लोगों में राजीव कुमार, नरेश कुमार, अमित कुमार, किशन चंद, दलीप कुमार और राकेश ने बताया कि सलूणी स्थित टैक्सी स्टैंड के साथ स्थित बिजली के खंभे में आग की लपटें उठनी आरंभ हो गई। आग की लपटों के चलते यदि समय रहते लोग विद्युत बोर्ड प्रबंधन को सूचित नहीं करते तो बड़ा हादसा हो सकता था।