झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत सुन्हाणी में आयोजित जिला स्तरीय नलवाड़ी मेले के दूसरे दिन कबड्डी के मैदान में रोमांच चरम पर रहा। पुरुष वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में राजपुरा की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल मुकाबला जीतकर खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मेले के दूसरे दिन आयोजित इस खेल स्पर्धा में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई करीब 25 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा गया और हर मैच में दर्शकों ने तालियों के साथ उनका मनोबल बढ़ाया। रोमांचक मुकाबलों के दौर के बाद फाइनल मैच गेहड़वी और राजपुरा की टीमों के बीच खेला गया। बेहद कड़े मुकाबले में राजपुरा की टीम ने गेहड़वीं को मात दी। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विजेता राजपुरा टीम को 5,100 की नकद राशि और उपविजेता गेहड़वीं टीम को 3,100 की नकद राशि दी गई। खेलकूद प्रतियोगिता का समापन तुगड़ी के समाजसेवी एवं ग्राम पंचायत गालियां के पूर्व उपप्रधान समैल दीन ने किया। वहीं इस अवसर पर समाजसेवी विक्रम सिंह परमार ने कहा कि नलवाड़ी मेला न केवल स्थानीय युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत रखने का एक सशक्त माध्यम है। इस मौके पर खेल कमेटी के सदस्य पंकज सोनी, दीपक कौशल, कुलवंत ढटवालिया, विकास, समाजसेवी इमरान, याकूब खान, अमीर खान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।