47वीं राष्ट्रीय जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप (पुरुष) के लिए हिमाचल की टीम बिलासपुर में पसीना बहा रही है। 18 सदस्यीय टीम कहलूर खेल मैदान में अभ्यास कर रही है और 18 अप्रैल को चैंपियनशिप के लिए रवाना होगी। जानकारी देते हुए हैंडबॉल कोच मनोज ठाकुर ने बताया कि यह चैंपियनशिप हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में 20 से 24 अप्रैल तक अकबरपुर उत्तर प्रदेश में आयोजित होगी। प्रदेश की टीम के ट्रायल पिछले माह आयोजित किए गए थे, जिसमें 18 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है। यह टीम बिलासपुर में अभ्यास के लिए जुट गई है। इस टीम में बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और मंडी के खिलाड़ी हैं। यह टीम 18 अप्रैल तक अभ्यास करेगी इसके बाद चैंपियनशिप के लिए रवाना होगी। टीम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हितेन भी शामिल हैं। टीम के कोच वसीम और प्रबंधक विकास राणा को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार विशेष बात यह है कि चैंपियनशिप में विजेता टीम को 1.80 लाख रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।