फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: श्री नयना देवी में गुप्त नवरात्र संपन्न, डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका माथा

Ankesh Dogra Updated Thu, 23 Jul 2026 03:13 PM IST

विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में गुप्त नवरात्र श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गए। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के दौरान डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गुप्त नवरात्रों के दौरान मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रही। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर परिवार के मंगल और समृद्धि की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर न्यास, नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए थे। दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और साफ-सफाई के बेहतर इंतजामों के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। पंजाब से आए श्रद्धालुओं मुरारी लाल, रूप सिंगला और सुरेंद्र ने बताया कि उन्होंने परिवार सहित माता के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि दर्शन व्यवस्था सुव्यवस्थित रही और मौसम भी सुहावना होने से यात्रा का अनुभव और भी सुखद रहा। वहीं, पटियाला से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि श्री नयना देवी जी की निशुल्क यात्रा योजना के तहत दो बसों में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालु सुरेंद्र राम ने कहा कि श्री दुर्गा सेवा दल के सहयोग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। हल्की बारिश के बीच माता के जयकारों के साथ दर्शन का अनुभव बेहद आनंददायक रहा। उन्होंने मंदिर प्रशासन और पुजारियों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। गुप्त नवरात्रों के समापन के साथ ही मंदिर परिसर में नौ दिनों से चला आ रहा भक्तिमय वातावरण संपन्न हुआ। श्रद्धालु माता के जयकारों के साथ आशीर्वाद लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें