अंतर जिला सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत लुहणू क्रिकेट मैदान में चल रहे सेमीफाइनल मुकाबले में कांगड़ा ने कुल्लू को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। कांगड़ा के गेंदबाज अर्पित गुलेरिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने दोनों पारियों में सात विकेट हासिल किए। तीसरे दिन कुल्लू ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 39 रन से आगे खेलना शुरू किया। कुल्लू की ओर से अभिनंदन ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और एक छोर संभाले रखा। लेकिन दूसरी ओर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। अभिनंदन 57 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा रित्विक ने 26 और घनश्याम ने 21 रन की पारी खेली। कुल्लू की दूसरी पारी 181 रन पर सिमट गई। कांगड़ा की ओर से इस पारी में अर्पित गुलेरिया ने पांच विकेट हासिल किए। कांगड़ा को जीत के लिए 123 रन का लक्ष्य मिला। कुल्लू के गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन मैच को नहीं बचा पाए। कांगड़ा ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। कांगड़ा की ओर से शौर्य सरन ने नाबाद 42, इन्नेश महाजन ने 29 और अपूर्व ने 28 रन की पारी खेली। कुल्लू की ओर से कप्तान प्रीक्षित और विजय ने दो-दो विकेट हासिल किए।