हिमाचल प्रदेश में दिवाली की रात जगह-जगह आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बिलासपुर जिले की भराड़ी उपतहसील के तहत लैहडी सरेल पंचायत के शमसाए गांव में आग लगने से चार गोशालाएं जल गईं। इस घटना से 10 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सहायता से पशुशाला के भीतर बंधे मवेशियों को समय रहते बाहर निकाल दिया गया। दूसरी आग की घटना में घुमारवीं उपमंडल के हरलोग गांव में दो परिवारों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने से एक रिहायशी कमरा, रसोई घर व उसके साथ बनी दो पशुशालाएं जलकर राख हो गईं।