फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur: तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी बोले- बच्चों की प्रतिभा निखारने में शिक्षकों की अहम भूमिका

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षकों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे बच्चों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दें तथा गतिविधि-आधारित शिक्षण, रचनात्मक कार्यक्रमों और कौशल विकास को बढ़ावा दें। मंत्री पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भराड़ी में आयोजित क्लस्टर स्तरीय वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम में भराड़ी क्षेत्र के 23 विद्यालयों के 1100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। मंत्री धर्माणी ने बताया कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में सीबीएसई आधारित चार नए स्कूलों को मान्यता प्रदान की जा रही है, जिनमें भराड़ी स्कूल भी शामिल है। इसके अलावा हटवाड़ में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जा रहा है, जिसके लिए भूमि विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। कहा कि इन प्रयासों से क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उनके नजदीक ही उपलब्ध होगी। मंत्री ने कहा कि क्लस्टर स्तर पर आयोजित कार्यक्रम छोटे बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर देते हैं। मंच पर आकर गीत, नृत्य, अभिनय, खेलकूद जैसी गतिविधियों में भाग लेने से बच्चों में आत्मविश्वास, सहयोग, मित्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि ऐसे आयोजनों को बच्चों की क्षमताओं को पहचानने का साधन बनाएं। समारोह में मंत्री धर्माणी ने विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें