फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur: कीरतपुर-मनाली फोरलेन बंद, बिलासपुर-चंडीगढ़ जाने वाले वाहन अब स्वारघाट होकर जाएंगे

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर मैहला के पास रविवार को पहाड़ी से पत्थर गिरने के बाद मंडी भराड़ी चौक के आगे वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। जन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बिलासपुर और चंडीगढ़ के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया है। पुलिस के अनुसार बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू और मनाली से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन फोरलेन से मंडी भराड़ी पुल होते हुए नौणी चौक पहुंचेंगे। यहां से पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-205 के रास्ते स्वारघाट और फिर कीरतपुर की ओर भेजे जाएंगे। इसी तरह चंडीगढ़ की ओर से बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू और मनाली की तरफ आने वाले वाहनों को पुराने एनएच-205 से स्वारघाट होते हुए नौणी चौक तक आना होगा। नौणी चौक से वाहन दोबारा फोरलेन के रास्ते मंडी भराड़ी पुल होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। पहाड़ी से पत्थर गिरने के बाद पुलिस ने एहतियातन मंडी भराड़ी चौक के आगे फोरलेन पर छोटे-बड़े सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी है। पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बंद मार्ग की ओर वाहनों को जाने से रोकने के लिए यातायात व्यवस्था भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पुलिस की ओर से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने वाहन चालकों से अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने और आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और बंद मार्ग की ओर अनावश्यक रूप से जाने का प्रयास नहीं करने को कहा है। आपात स्थिति में 01978-221059 और 01978-221060 पर संपर्क किया जा सकता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें