गेहड़वीं (बिलासपुर)। पशुओं में तेजी से फैलने वाली लंपी त्वचा रोग को लेकर पशुपालन विभाग ने झंडूता क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। बीमारी के संक्रमण को रोकने के लिए विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र में अब तक करीब 50 गायों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। पशु चिकित्सक झंडूता डॉ. दिनेश ने बताया कि ग्राम पंचायत रोहल में लंपी त्वचा रोग का एक मामला सामने आया है। बीमारी की रोकथाम के लिए विभाग ने पहले ही वैक्सीन की व्यवस्था कर ली थी और पिछले सप्ताह से पशुओं का टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। क्षेत्र के अन्य पशुओं का भी टीकाकरण किया जा रहा है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने बताया कि लंपी स्किन डिजीज मुख्य रूप से गायों को प्रभावित करने वाली संक्रामक बीमारी है। इसके संक्रमण से पशुओं में तेज बुखार, शरीर पर गांठें और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। बीमारी का प्रसार मुख्य रूप से मच्छरों, मक्खियों और अन्य वाहक कीटों के माध्यम से होता है। डॉ. दिनेश ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाएं और पशुशालाओं की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत अन्य पशुओं से अलग कर दें और नजदीकी पशु चिकित्सालय या पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंपी स्किन डिजीज इंसानों में संक्रमण नहीं फैलाती। विभाग के अनुसार समय पर टीकाकरण, संक्रमित पशु को अलग रखने और उचित उपचार के माध्यम से बीमारी के प्रसार को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है