फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायतों में डोर टू डोर प्लास्टिक कचरा संग्रहण करने वाला प्रदेश का पहला जिला बना बिलासपुर

ग्रामीण क्षेत्र से डोर टू डोर प्लास्टिक कचरा संग्रहण करने वाला बिलासपुर प्रदेश का पहला जिला बन गया है। गुरुवार को उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कूड़ा इकट्ठा करने वाले वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गांधी जयंती और दशहरे के पावन अवसर पर जिला प्रशासन ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान की शुरुआत की। उपायुक्त ने जिले के लोगों को बधाई दी और सभी से अपील की कि स्वच्छता सिपाही जब घर-घर आएं तो लोग उन्हें प्लास्टिक का कचरा अवश्य दें और अभियान को सफल बनाएं। सभी ग्राम पंचायतों के प्रधानों से भी आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपनी पंचायतों को स्वच्छता की मिसाल बनाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से यह योजना न केवल सफल होगी बल्कि आने वाले समय में अन्य जिलों के लिए भी आदर्श बनेगी। इस योजना के तहत जिला प्रशासन ने बिलासपुर सदर, झंडूता, घुमारवीं और श्री नयना देवी जी ब्लॉकों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन केंद्र स्थापित किए हैं। यहां पंचायतों से इकट्ठा हुआ कचरा लाकर प्रोसेस किया जाएगा और उसके बाद बरमाणा सीमेंट प्लांट को भेजा जाएगा। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग और सीमेंट प्लांट के बीच करार हुआ है। प्रशासन की ओर से नियुक्त स्वच्छता सिपाहियों को बाकायदा प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे ग्रामीण स्तर पर बेहतर ढंग से काम कर सकें। इन्हें पहचान पत्र भी जारी किए जाएंगे ताकि ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि आसानी से इन्हें पहचान सकें और सहयोग कर सकें। अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर प्रदेश का पहला जिला है जहां ग्रामीण क्षेत्र में डोर टू डोर कचरा संग्रहण की सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों को स्वच्छ और सुंदर बनाना है ताकि गांव भी शहरों की तरह साफ-सुथरे और पर्यावरण के अनुकूल बन सकें। इस शुभारंभ अवसर पर जिला विकास अधिकारी यशपाल सिंह, खंड विकास अधिकारी बबीता धीमान, ग्राम पंचायत प्रधान नौणी निर्मला देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और आश्वासन दिया कि वे स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें