झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत सुन्हाणी के वार्ड नंबर दो की 105 वर्षीय मनसा देवी ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय देते हुए वीरवार को सुबह 8 बजे सुन्हाणी पोलिंग बूथ पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान को लेकर उनका उत्साह लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके जज्बे की सराहना की। मनसा देवी ने युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने की अपील की। उनकी इस प्रेरणादायक पहल से क्षेत्र में मतदान के प्रति जागरूकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।