बिलासपुर जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की तीन नगर परिषदों और एक नगर पंचायत में 17 मई को सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा सहित सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 48 घंटे का ड्राई डे घोषित किया गया है। इस दौरान शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा चुनाव अवधि में हथियार लेकर चलने पर रोक रहेगी तथा बिना अनुमति सार्वजनिक सभाएं, जुलूस और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।