फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर में अचानक झमाझम बारिश, उमस से बेहाल लोगों को मिली राहत

यमुनानगर। जिले में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और शहरी क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। सुबह से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश ने बड़ी राहत दी। उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर हो रहे थे। वहीं, सुबह से ही कभी धूप निकलने तो कभी आसमान में बादल छाने का सिलसिला जारी था। दोपहर बाद अचानक बादल घिर आए और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होते ही मौसम सुहावना हो गया। गर्मी से परेशान लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए। हालांकि अचानक हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई। बारिश से बचने के लिए लोग इधर-उधर दुकानों और अन्य स्थानों पर रुकते दिखाई दिए। कई दोपहिया वाहन चालक बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे खड़े हो गए। तेज बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों पर अचानक जाम की स्थिति बन गई। वाहन चालकों को धीमी गति से निकलना पड़ा। बारिश की तीव्रता के चलते दिन में ही वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। कई जगह वाहन चालकों को सड़क पर पानी जमा होने के कारण भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आज जिले में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से बनी उमस के कारण तापमान अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद लोगों को गर्मी का अहसास अधिक हो रहा था। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के कारण जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मौसम के करवट लेने से राहत की उम्मीद है। सुबह से आसमान में छाए बादलों के बाद हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। बारिश के दौरान शहर की सड़कों पर छाते लेकर और वाहनों की हेडलाइट जलाकर गुजरते लोग नजर आए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें