यमुनानगर में रविवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव के कारण कई इलाकों में आफत भी ला दी। लगातार बारिश के चलते ट्विन सिटी के कई हिस्सों में सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं। निचले स्तर की कॉलोनियों में सबसे ज्यादा दिक्कत देखी गई, जहां पानी निकासी की खराब व्यवस्था के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. संदीप ने बताया कि शनिवार तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। जिले के कुछ खंडों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, कृषि विभाग के उप निदेशक (डीडीए) डॉ. आदित्य डबास ने बताया कि यह बारिश धान रोपाई के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। मौजूदा समय धान की रोपाई का सीजन है, और बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ने से रोपाई का कार्य तेजी पकड़ेगा। किसानों ने भी इस बारिश का स्वागत किया है और इसे फसलों के लिए वरदान बताया है। हालांकि, जलभराव ने शहरवासियों के लिए परेशानियां खड़ी की हैं।