यमुनानगर में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा इकाई के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। राज्य कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों ने आज से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी, जिसमें 23 कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, जो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित है, के आह्वान पर नगर निगम इकाई यमुनानगर में सुबह 8 बजे से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता इकाई प्रधान पपला ने की, जबकि मंच संचालन सचिव सुभाष द्वारा किया गया। इस दौरान इकाई के पदाधिकारियों ने 23 कर्मचारियों को फूल-माला पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया। हड़ताल में भाग लेने वालों में जगजीवन, राजेंद्र, मुकेश, कुलदीप, राजेंद्र कुमार, रवि, सतीश, राजकुमार, प्रकाश, प्रेमपाल, प्रदीप, परविंदर, कमल, विनोद, सुदेश पाल, संदीप, प्रेमचंद, राजबाला सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त कर स्थायी भर्ती करना, समान काम के लिए समान वेतन लागू करना, पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, कर्मचारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाना और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना शामिल है।मौके पर उप प्रधान जनक राज, रमन, सनी, सह सचिव संजीत तिगरा, श्यामलाल, जीतो, संजय गहलोत, सुरेश (शादीपुर), सुखदेव समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।