अपराध शाखा-1 की टीम ने प्रॉपर्टी डीलर की तेजधार हथियार से हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कमल नगर मंडेबर निवासी गुलजार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को बाढ़ीमाजरा के नजदीक से काबू किया। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि 15 मई 2026 को फर्कपुर चौकी क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर कली राम की निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक कली राम गांव हरनौल थाना छप्पर का निवासी था। हत्या के बाद पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पुलिस टीमों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा-1 के प्रभारी राज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक कपिल, एएसआई सुखदेव सिंह, मुख्य सिपाही मुकेश, सतबीर सिंह, सिपाही जगीर सिंह, विजय कुमार और अमरजीत सिंह शामिल रहे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 15 मई की दोपहर कली राम की प्रॉपर्टी डीलिंग की दुकान में घुसकर तेजधार हथियार से हमला किया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान हत्या के कारणों, वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य संभावित पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।