हिमाचल की शिवालिक की पहाड़ियों से सटा हरियाणा का सबसे बड़ा 11570 एकड़ में बसा खूबसूरत कलेसर नेशनल पार्क सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। वहीं अब यहां की खूबसूरती व वन्य प्राणियों की चहलकदमी का लुत्फ उठाने के लिए 18 नवंबर दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचेंगे। सीएम कलेसर जंगल के मुख्य द्वार का उद्घाटन करेंगे व जंगल सफारी कर वन्य प्राणी विभाग के परिसर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसी दौरान वह टूरिज्म समेत विभिन्न जगहों पर उद्घाटन कर विकास कार्यों को हरी झंडी देंगे। वहीं इसको लेकर विभाग की तरफ से तैयारियां जोरों से चल रही है। मुख्य द्वार को तैयार किया जा रहा हे। इसके लिए विशेष कारीगरों को लगाया गया है जोकि पत्थरों से मुख्य द्वार का निर्माण कर रहे। नेशनल पार्क में जाने के लिए नया रास्ता बनाया जा रहा है जो कि 16 किमी तक का बनाया गया है, इस रास्ते पर गेट का उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 नवंबर को करेंगे। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां की जा रही है। गेट के उद्घाटन से पहले फैजपुर के पास बराह के मोड़ पर टूरिज्म की जगह पर पौधरोपण करेंगे। यहां पर विभाग की ओर से जगह को समतल किया जा रहा है जिसमें जंगली जीव जंतुओं के लिए लगभग दो एकड़ एरिया में 300 पौधे रोपित किए जाएंगे। पौधरोपण कार्यक्रम में स्कूली बच्चे शामिल होंगे जिनके साथ मिलकर मुख्यमंत्री पौधरोपण करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री के लगभग एक घंटे तक जंगल के अंदर घूमने की योजना भी तैयार की जा रही है। जिसमें मुख्यमंत्री जंगल के अंदर बनाए गए ट्रैक और जंगली जीव जंतुओं को देखने जाएंगे। सीएम यहां पर 9 किमी तक जंगल सफारी कर वन्य प्राणियों को भी देखेंग।