निजी अस्पताल में छापेमारी के दौरान महिला डॉक्टर से स्वास्थ्य विभाग के दो डॉक्टरों पर लगे दुर्व्यवहार करने के आरोप के मामले ने वीरवार को तुल पकड़ लिया। आईएमए के आह्वान पर महिला डॉक्टर के समर्थन व सरकारी दो डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग में जिले के 102 निजी अस्पतालों में 12 घंटे ओपीडी-आईपीडी बंद रखी गई। डॉक्टरों ने सिर्फ गंभीर मरीजों का इलाज किया। अन्य मरीज जांच व इलाज के लिए भटकते रहे, जिन्हें शाम छह बजे ओपीडी-आईपीडी शुरू होने पर राहत मिली। इससे पूर्व महिला डॉक्टर व आईएमए पदाधिकारी डीसी पार्थ गुप्ता से मिले, जिसमें सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह को बुलाकर डीसी ने जांच के निर्देश दिए। डॉ. मंजीत ने तीन सदस्य कमेटी बनाई, जिसे एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट देनी है।