दिल्ली रेल मंडल ने रक्षाबंधन पर्व के चलते ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों के आरामदायक सफर को लेकर रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन के परिचालन की सौगात दी। स्पेशल ट्रेन के चलने से दिल्ली-अंबाला रूट पर यात्रियों को कम भीड़ का सामना करना पड़ा। दिल्ली से अंबाला तक के यात्रियों सहित खासकर महिला यात्रियों को रक्षाबंधन पर स्पेशल ट्रेन का फायदा मिला। स्पेशल ट्रेन ने अप-डाउन दोनों रूट पर एक-एक फेरा लगाया। रक्षाबंधन पर्व को लेकर दिल्ली रेल मंडल की ओर से सात अलग-अलग रूट पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया। इनमें पानीपत-दिल्ली-अंबाला रूट के अलावा, हजरत निजामुद्दीन से जींद जंक्शन, शामली-दिल्ली के शाहदरा, नई दिल्ली-रेवाड़ी, गाजियाबाद-अलीगढ़, अंबाला कैंट-पानीपत, हजरत निजामुद्दीन से मथुरा स्टेशन तक स्पेशल ट्रेन चलाई गई। सभी अप डाउन रूट पर रेलवे ने केवल एक दिन के स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया।