गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय के सामने धरनास्थल पर सर्व कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व सदस्यों ने सोमवार को लंबित मांगों को लेकर धरना देकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार से मांग की, कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि आठवें वेतन आयाेग का गठन किया जाए। विभिन्न विभागों में लगे कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। सरकार ने 10 साल में कच्चे कर्मियों को पक्का करने की पॉलिसी को लागू नहीं किया, अब हरियाणा कौशल रोजगार निगम के जरिए उन्हें कच्चे रखने का पक्का प्रबंध कर दिया। इससे कर्मचारियों में रोष है। सरकार विभागों का निजीकरण करने पर तुली है। मांगों की अनदेखी होने से कर्मियों में निराशा है। उनकी मांग है कि सरकार आठवें वेतन आयोग का गठन करे। पुरानी पेंशन बहाल की जाए, ठेकेदारी प्रथा, निजीकरण व कर्मचारियों की छंटनी पर रोक लगाई जाए।