सोनीपत में वातावरण में अभी ठंडक पूरी तरह घुली भी नहीं है उसके बावजूद मौसम में पहली बार छाए कोहरे ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। हाईवे सहित शहर में भी घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। जिससे वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण के साथ ही शहरी क्षेत्र में कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर लगाम लग गई। कोहरे के कारण ग्रामीण क्षेत्र में दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई और शहरी क्षेत्र में भी 100 मीटर दूर दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे से नेशनल हाईवे समेत केजीपी-केएमपी पर भी वाहन रेंगते नजर आए। हवा थमने से वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी बढ़ोतरी हुई है। सुबह एक्यूआई 313 दर्ज किया गया। वहीं वातावरण में पीएम 10 का स्तर 500 तो पीएम-2.5 का स्तर 494 पहुंच गया। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। चिकित्सक लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं। सांस के मरीजों को इस मौसम में अधिक दिक्कत हो सकती है।