एटलस रोड के पास बुधवार दोपहर एक व्यक्ति ने पानीपत से दिल्ली की ओर जा रही मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। मृतक के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। जीआरपी थाना प्रभारी विजयपाल ने बताया कि दोपहर करीब 1:21 बजे डाउन लाइन पर एक व्यक्ति (करीब 50) ने एटलस रोड के पास मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रेल लाइन के पास बुलेट बाइक भी मिली है। मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में रुपयों के लेन-देन का जिक्र किया गया है। मृतक सोनीपत का सेक्टर-12 निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल शिनाख्त के लिए परिजनों से संपर्क किया गया है। परिजन चंडीगढ़ से आकर मृतक की शिनाख्त करेंगे, तभी पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। थाना प्रभारी विजयपाल का कहना है कि जब तक परिजन मृतक की शिनाख्त नहीं करते, तब तक मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता।