गोहाना। जाट महासभा की नई कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। महासभा का चुनाव 6 सितंबर को होना तय है। शनिवार को अध्यक्ष पद के दावेदार संजय दूहन के पैनल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ पैनल के चार पदाधिकारियों और छः कार्यकारी सदस्यों ने भी अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। इस तरह एक पक्ष से कुल 11 सदस्यों ने नामांकन दाखिल किया। प्रधान पद के लिए संजय दूहन, उप प्रधान विजेंद्र सिवाच, सचिव संदीप मलिक, सह सचिव विकास, कोषाध्यक्ष सीए कर्मबीर लठवाल, क्रय कारिणी सदस्य जगदीप, अशोक लठवाल, सुनील पानू, मनोज मान, राजीव सुहाग और जगबीर देशवाल ने नामांकन दाखिल किए। चुनाव करवाने के लिए रिटर्निंग अधिकारी एडवोकेट रणधीर सिंह और प्रशासक प्रकाश चंद्र अरोड़ा को पहले ही नियुक्त किया जा चुका है। वहीं दूसरे पैनल की ओर से राजबीर ठेकेदार के नेतृत्व में नामांकन पत्र रविवार को दाखिल किए जाने की संभावना है। जाट महासभा में अध्यक्ष पद को लेकर पिछले दो माह से सहमति बनाने के प्रयास चल रहे थे, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद महासभा की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया गया। अब दोनों पैनलों के मैदान में आने के बाद चुनावी मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है। 6 सितंबर को होने वाले चुनाव में किस पैनल को सदस्यों का समर्थन मिलता है, यह परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा।