संवाद न्यूज एजेंसी सोनीपत। संयुक्त किसान मोर्चा जिला कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य 22 जुलाई को शहर में प्रदर्शन करेंगे। किसान नेता छाेटूराम धर्मशाला से प्रदर्शन करते हुए पुलिस लाइन तक जाएंगे। वहां केंद्र सरकार व अमेरिकी राष्ट्रपति का पुतला फूंककर अपना रोष जताएंगे। यह निर्णय मंगलवार को छोटूराम धर्मशाला में हुई जिला कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ सदस्य श्रद्धानंद सोलंकी ने की। इसमें ईश्वर सिंह राठी ने कहा कि 22 जुलाई को अमेरिका और भारत के बीच होने वाली डील के विरोध में पूरे भारत में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस डील से भारत सरकार अमेरिकन साम्राज्यवाद के सामने घुटने टेक कर, देश की जनता विशेष तौर से किसानों के हितों पर जबरदस्त हमला करने जा रही है। वक्ताओं ने अपनी बात रखते हुए कहा कि अमेरिका जैसे बहुत ही विकसित देश के सामने देश का किसान बिल्कुल भी मुकाबला नहीं कर पाएगा। इस दौरान वीरेंद्र पहल, ईश्वर सिंह दहिया, हंसराज राणा ,भगत सिंह, डॉ. सत्यपाल, सुरेश राणा, शेर सिंह, सोमवीर दहिया ,रामकुमार दहिया भी मौजूद रहे।