रोहतक रोड स्थित अनाज मंडी में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से कष्ट निवारण केंद्र की शुरुआत की गइ। साथ ही कार्यकर्ताओं ने अनाज मंडी के गेट पर एकत्रित होकर सरकार की ओर से लागू किए जा रहे नए नियमों का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने बायोमेट्रिक प्रक्रिया को लेकर कड़ी आपत्ति जताई। इनेलो जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत ने ट्रैक्टर से जुड़े नियमों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान ट्रैक्टर से अनाज लेकर आता है तो उसके ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन प्लेट होना अनिवार्य किया गया है, अन्यथा अनाज की खरीद नहीं की जाएगी। उनका कहना था कि सरकार के अनुसार अब केवल उसी किसान को मंडी में आकर अनाज बेचने की अनुमति होगी, जिसके नाम पर जमीन दर्ज है। यदि जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम है, तो वह किसान अनाज नहीं बेच पाएगा। इनेलो नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसान आज भी जोटा-बुग्गी जैसे पारंपरिक साधनों का उपयोग करते हैं। ऐसे में क्या उनके अनाज की खरीद नहीं होगी? यह सवाल भी उन्होंने उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की तो इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला खुद ट्रैक्टर लेकर मंडी पहुंचेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।