सोनीपत में स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त करने की मांग को लेकर जिला पार्षदों ने बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय पर धरना दिया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम उप सिविल सर्जन डाॅ. योगेश गोयल को ज्ञापन सौंपा। जिला पार्षद संजय बड़वासनी व संत कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त नहीं किया जा रहा। सोनीपत में न सिविल सर्जन है और न ही प्रधान चिकित्सा अधिकारी। स्वास्थ्य अधिकारियों के अभाव में जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कैसे मिल सकती है। जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन को संचालित करने के लिए रेडियोलॉजिस्ट तक नहीं है। करीब तीन साल से अल्ट्रासाउंड मशीन एक डिब्बे में सील बंद है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निजी अस्पताल संचालकों के साथ सांठगांठ कर रखी है। अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मरीजों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है।