बुढ़ापा पेंशन काटे जाने के विरोध में बुधवार को लोगों ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने जिला उपायुक्त कार्यालय के सामने स्वयं को जंजीरों से बांधकर अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार कीर्ति को दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की बुढ़ापा पेंशन लगातार कट रही है। पेंशन बुजुर्गों के सम्मान के लिए शुरू हुई थी लेकिन अब भाजपा सरकार पेंशन काटकर बुजुर्गों का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र में 3 लाख से ऊपर वार्षिक आय दिखाकर बुजुर्गों की पेंशन काटी जा रही है। यही नियम पूर्व विधायक व पूर्व संसद पर लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह करोड़ों के मालिक होने के बावजूद भी मोटी पेंशन ले रहे हैं। बुजुर्गों की पेंशन काट कर उनके साथ अन्य किया जा रहा है। परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करवाने के लिए लगातार सरकारी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं उसके बावजूद भी इनकम ठीक नहीं की जा रही। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा से बुजुर्गों की पेंशन काटी तो मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए जाएंगे। बुजुर्गों के सम्मान के लिए आमरण अनशन पर बैठेंगे। इस दौरान यशपाल बजाना, ऋतुराज,जयवीर राठी, विकास शर्मा, निर्मल सिंह, बलजीत, गुलशन, प्रवीण शर्मा भी मौजूद रहे।