उपायुक्त सुशील सारवान ने वीरवार को गोहाना में लगाए गए समाधान शिविर के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। उपायुक्त ने बताया कि शिविर में कुल 33 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें मुख्य रूप से बिजली, पानी और गांवों में अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें थीं। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से यह पहल शुरू की गई है और हर वीरवार को उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर लगाया जाएगा। इस श्रृंखला में पहला शिविर गोहाना में लगाया गया है, अगला शिविर खरखोदा में और उसके बाद गन्नौर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी शिकायतें रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्थानीय एसडीएम या संबंधित अधिकारियों के पास दर्ज करा सकते हैं। अधिकारी उस समय मौजूद रहेंगे। यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो लोग सीधे उनसे भी मिल सकते हैं। उपायुक्त सुशील सारवान ने शिकायतकर्ताओं से कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को चाय तक नहीं पिलानी है। आपका काम होगा, यह उनके सख्त आदेश हैं।