प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी। सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में भाजपा के प्रत्याशी विजयी होंगे। प्रदेश में कांग्रेस का वजूद अब खत्म होने लगा है। वह वीरवार को सोनीपत स्थित कुम्हार धर्मशाला में प्रजापत समाज की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में अब अलग-अलग गुट बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एकजुटता नहीं है, बल्कि यह रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुटों में विभाजित है। उन्होंने दावा किया कि सोनीपत की जागरूक जनता भाजपा के प्रत्याशी को ही वोट देगी। भाजपा सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है। गंगवा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार में घोटाले हुए, लेकिन भाजपा सरकार ने उन पर लगाम कसने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ घोषणा पत्र जारी करती है, जबकि भाजपा संकल्प पत्र जारी कर जो वादा करती है, उसे पूरा भी करती है। रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा का माहौल पूरी तरह अनुकूल है और विपक्ष के पास कोई ठोस रणनीति नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भाजपा के प्रत्याशी रिकॉर्ड जीत हासिल करेंगे।