हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से ली गई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के बाद अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या विद्यालय में बनाए गए केंद्र में दोपहर तक 800 अभ्यर्थियों ने अपने दस्तावेजों की जांच करवाई। केंद्र के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिखाकर ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। पीएमश्री राजकीय कन्या विद्यालय में बनाए गए केंद्र पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए विभिन्न जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली से भी अभ्यर्थी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए पहुंचे। अभ्यर्थियों के लिए विद्यालय बोर्ड व प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था के तहत बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में चली। हालांकि पहले दिन की अपेक्षा दूसरे दिन बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए अभ्यर्थियों की संख्या कुछ खास नहीं रही।