सेक्टर-14 में विधायक कार्यालय के पास सड़क पर बने गड्ढे में बैठकर आप नेता देवेंद्र गौतम ने प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर के मुख्य सड़कों की बदहाली पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों के निर्माण पर दो वर्ष पहले करोड़ों रुपये खर्च किए थे। बारिश के दौरान यह सड़कें आज गड्ढों का रूप ले चुकी हैं। जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। प्रशासन की ओर से सड़कों की मरम्मत तक नहीं की है। आप नेता देवेंद्र गौतम ने दो साल पहले हुए सड़कों के निर्माण और वर्तमान में उनकी खस्ताहाल स्थिति को लेकर सरकार व प्रशासन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग बारिश और भारी यातायात की आवाजाही के बावजूद कई साल तक टिके रहते हैं तो सोनीपत की मुख्य सड़कें हर मानसून में कैसे उखड़ जाती हैं। जनता का पैसा डुबाया जा रहा है, लेकिन गारंटी किसी चीज की नहीं। देवेंद्र गौतम ने कहा कि यह सवाल सीधे तौर पर सरकार, स्थानीय नेताओं और प्रशासन से है। जनता को अपने टैक्स के हर पैसे का हिसाब चाहिए। सड़कें केवल फोटो खिंचवाने या शिलान्यास करने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सुविधा के लिए बननी चाहिए। उनकी मांग है कि हर ठेकेदार से सड़कों की गारंटी अवधि पूछी जाए। निम्न स्तर की निर्माण सामग्री के जिम्मेदारों पर मुकदमे दर्ज किए जाएं। हर वार्ड और मुख्य सड़क की जांच कर भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों और नेताओं के नाम उजागर किए जाएं।