इनेलो के विधायक अर्जुन चौटाला गोहाना अनाज मंडी में बने किसान कष्ट निवारण केंद्र पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि इनैलो पार्टी ने हरियाणा की लगभग सभी मंडियों में किसान कष्ट निवारण केंद्र शुरू किए हैं ताकि किसानों की परेशानी सुनी जा सके। अर्जुन चौटाला ने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान मंडियों तक पहुंचने में परेशान हो रहा है। किसान जितना ज्यादा मंडी तक पहुंचने में परेशान होगा, उतना ही मंडी से दूर होता जाएगा। अगर किसान मंडियों से दूर होगा तो मंडियां भी खत्म होने के कगार पर पहुंच जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है और उसकी मंशा बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की है। चौटाला ने कहा कि बायोमीट्रिक व्यवस्था का कोई फायदा नहीं है, इससे केवल किसान को ही परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर बाहर से आने वाली आवक को रोकना है तो उसे बॉर्डर पर ही रोकना चाहिए, ताकि वह मंडी तक ही न पहुंचे। मंडी में आकर किसान को परेशान करना सही नहीं है। इस मौके पर कई किसान और इनैलो कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।