जिले में शनिवार तड़के मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब चार बजे कई क्षेत्रों में बारिश होने से पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद आसमान में घने बादल छाए रहे और मौसम सुहावना हो गया। मौसम के बदले मिजाज से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। बारिश को इस समय खेतों में खड़ी धान की फसल के लिए काफी लाभदायक माना जा रहा है। धान की फसल को इस समय पानी की अधिक आवश्यकता रहती है। ऐसे में बारिश होने से किसानों को खेतों की सिंचाई से राहत मिलेगी और डीजल व बिजली की बचत भी होगी। किसानों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी अच्छी बारिश होती है तो धान की फसल को इसका काफी फायदा मिलेगा। सुबह हुई बारिश के बाद बादल छाये हुए है और उमस से राहत मिली है। पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान थे। ऐसे में बारिश ने आमजन को काफी राहत प्रदान की। किसानों के अनुसार धान के अलावा अन्य खरीफ फसलों के लिए भी बारिश फायदेमंद है। इस समय खेतों में फसलों की सिंचाई का काम तेजी से चल रहा है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के कारण किसानों को आगामी कुछ दिनों तक सिंचाई की आवश्यकता कम पड़ सकती है। मौसम के बदले मिजाज के बाद किसानों को अब अच्छी बारिश की उम्मीद है। उनका कहना है कि मानसून की सक्रियता बनी रहती है और जिले में अच्छी बारिश होती है तो इससे फसलों की स्थिति बेहतर होगी।