सिरसा में महर्षि वाल्मीकि जयंती का जश्न मंगलवार को बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तर पर पंचायत भवन के मुख्य सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज के युवाओं को सम्मानित किया गया। हांसी के विधायक विनोद भयाणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि भाजपा नेता बलदेव सिंह मांगेआना व अमीर चंद मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप ने की। कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज के उन युवाओं को विशेष सम्मान प्रदान किया गया, जिन्होंने समाज सेवा व उत्कृष्ट कार्यों में योगदान दिया है। आयोजकों ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला, जो रामायण के रचयिता और आदि कवि के रूप में विख्यात हैं। मुख्य अतिथि हांसी विधायक विनोद भयाणा ने श्रीराम के वनवास की कथा का जिक्र करते हुए कहा कि रामायण हमें भाई-भाई के प्रति प्रेम व दायित्व की अनमोल सीख देती है। उन्होंने कहा कि हम हर साल रामलीला का मंचन क्यों करते हैं? क्योंकि यह हमें सिखाता है कि परिवार में प्रेम व जिम्मेदारी क्या होती है। सीता ने पत्नी धर्म का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया, जो अपने पति श्रीराम के साथ वनवास में गईं। भरत ने खड़ाऊं से राज्य संचालन कर भाईचारे का आदर्श स्थापित किया, जो आज पूरे देश के लिए प्रेरणा है। भयाणा ने आगे कहा कि आज हम राम राज्य की स्थापना की बात करते हैं। महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को भाजपा सरकार आगे बढ़ा रही है। हम गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। महापुरुषों के कदमों पर चलते हुए भाजपा हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है।