सिरसा में सांगवान चौक के पास स्थित एक्सिस बैंक की मुख्य शाखा में मंगलवार को अलसुबह अचानक आग लग गई। सफाई कर्मचारियों व शोरूम में डयूटी पर तैनात कर्मचारियों ने बैंक से धुंआ उठाता हुआ देखा तो डायल 112 पर सूचित किया। जब तक फायरबिग्रेड मौके पर पहुंची तब तक बैंक में आग तेजी से फैल गई थी। बैंक के अंदर रखे कंप्यूटर, इलेक्ट्रिक उपकरण, कुर्सी, टेबल एवं कागजी दस्तावेज जल गए। वहीं, बेंक अधिकारी आगजनी के बाद जांच कर रहे है कि कितना नुकसान दस्तावेज और अन्य चीजों का हुआ है। प्राथमिकतौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। निजी शोरूम के सिक्योरिटी गार्ड जगजीवन सिंह ने बताया कि सुबह पांच बजे का समय था। बैंक का अलार्म बजने लगा। जब शौरूम से बाहर जाकर देखा तो एक्सिस बैंक के अंदर से धुंआ निकल रहा था। धुंआ उठता देखकर डायल 112 को सूचित किया। आग लगने की जानकारी मिलने के बाद बैंक के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दमकम कर्मी ने बताया कि जब मौके पर पहुंचे तो बैंक के अंदर से धुंआ उठ रहा था। बैंक का शटर अंदर से बंद था। मौके की गंभीरता को देखते हुए बैंक का लॉक तोड़कर आग बुझाने का कार्य किया गया।