संवाद न्यूज एजेंसी सतनाली। गांव नांवा और बारड़ा के किसान पिछले 11 दिनों से बिजली व पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। किसानों को फसल सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है और दूसरी ओर से खेतों के पास या खेतों में रहने वाले लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। अधिकारियों को इसकी शिकायत दी गई है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। बता दें कि गत दिनों आए अंधड़ से गांव नांवा और बारड़ा में कृषि कनेक्शन की लाइन का पोल टूट गया और इससे ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। अब घटना को 11 दिन बीत चुके हैं और अधिकारियों की ओर से मौका भी जांचा गया है। बिजली निगम अधिकारियों की ओर से अभी तक कार्य नहीं करवाया गया है और किसानों की परेशानी बढ़ चुकी है। बिजली आपूर्ति नहीं होने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। लगातार बढ़ती गर्मी और खेतों में पानी की जरूरत के बीच बिजली की कमी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। खेतों और पास में रहने वाले लोगों को पीने का पानी टेंकर से खरीदना पड़ रहा है। पेयजल के लिए भी लोग तरस रहे हैं। इसके लिए अधिकारियों को शिकायत दी गई है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। ----------- जानिये किसानों की परेशानी....... खेतों में खड़ी फसलों को समय पर पानी नहीं मिल पाने से नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। बिजली आने का कोई निश्चित समय नहीं जिससे परेशानी कम होने का नाम ही नहीं ले रही। बिजली नहीं आने से पीने के पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है। - पंकज, नांवां ----- पशुओं के लिए ग्वार, बाजरा बोया हुआ है और अब पानी के अभाव में हरा चारा भी खराब होने की कगार पर पहुंच गया है। खरीफ फसलों की बुवाई का समय चल रहा है। ऐसे में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खेतों की तैयारी और सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। -अनिल, नांवां ------ किसानों को डीजल इंजन का सहारा लेना पड़ रहा है और इससे खेती की लागत बढ़ रही है। कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। बिजली नहीं मिलने से कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। -अमित, नांवां ------ प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द समाधान की मांग की जा रही है। यदि समय पर बिजली उपलब्ध नहीं करवाई गई तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। किसान मिलकर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलने को विवश होंगे। -चंद्रभान, नांवां ------- वर्जन: सतनाली क्षेत्र में गत दिनों आए अंधड़ से 278 पोल टूट गए और 40 से अधिक ट्रासफार्मर गिरे हुए हैं। पहले सीटी लाईट ठीक की गई। अब ग्रामीण क्षेत्र की लाईट का कार्य चल रहा है। इसके बाद खेतों की लाईनों पर काम शुरू किया जाएगा। किसानों की समस्या 5 से 6 दिन में दूर कर दी जाएगी। - हनुमान सिंह, एसडीओ, बिजली निगम, सतनाली