पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में पार्यवरण संरक्षण की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल की गई। हॉर्टिकल्चर विभाग और संपदा कार्यालय ने रोटरी क्लब रोहतक के साथ मिलकर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत लगभग 400 पौधे लगाए। इस अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि के तौर पर कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने की। साथ ही एक पेड़ मरीज के नाम पौधरोपण अभियान भी शुरू करने की अपील की। कुलपति ने कहा कि मरीजों के ठीक होने पर उनके नाम पर भी पेड़ लगाए जाने चाहिए। पीजीआई से ठीक होकर जाने वाले मरीज संस्थान में पेड़ लगाने के लिए संपदा कार्यालय से पौधा प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने में मदद करता है, बल्कि यह लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाता है। पीजीआईएमएस के निदेशक डॉ. एसके सिंघल ने कहा कि इस अभियान में सभी के सहयोग और समर्थन की जरूरत है। इस अभियान में कई संगठनों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इनमें हरियाणा स्टेट टीचर मेडिकल वेलफेयर एसोसिएशन (एचएसएमटीए), पीजीआईएमएस की नॉन-टीचिंग एसोसिएशन शामिल रही। डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. ध्रुव चौधरी ने कहा कि इस पहल से प्रेरित होकर अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण में भाग लेना चाहिए। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपप्रधान संजय सिंहमार ने कुलपति व रोटरी क्लब समेत सभी का आभार जताया। रोटरी क्लब के अध्यक्ष विकास बंसल ने कहा कि समाज की भलाई के लिए कुछ न कुछ कार्य करने का प्रयास रहेगा। इस मौके पर डॉ. सविता सिंघल, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. वरुण अरोड़ा, डॉ. सुधीर अत्री, डॉ. गजेंद्र, डॉ. राजेश रोहिल्ला, डॉ. जगजीत, डॉ. विवेक मलिक, डॉ. विपिन, डॉ. रोहित, डॉ. विनोद मेहरा, डॉ. नवीन खत्री समेत अनेक लोग मौजूद रहे।