संवाद न्यूज एजेंसी रोहतक। मॉडल टाउन स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खंड स्तरीय कल्चरल फेस्ट का सोमवार को शानदार आयोजन किया गया। सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने किया। कार्यक्रम की समन्वयक सुनीता अहलावत ने बताया कि फेस्ट में रोहतक खंड के 25 विद्यालयों से आए लगभग 400 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को जूनियर और सीनियर वर्ग में बांटा गया था जिसके तहत चार मुख्य स्पर्धाएं आयोजित हुईं। विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल नृत्य, रागिनी और स्कीट (नाटक) में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मंच पर कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से हरियाणवी संस्कृति, लोक गीतों और त्योहारों के जीवंत रंग बिखेरे। इस मौके पर विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों और शिक्षकों ने भी शिरकत कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।