पैरा पावर लिफ्टिंग के राष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित धनखड़ हत्याकांड को लेकर जाट भवन में शनिवार को सर्वखाप पंचायत हुई। इसमें सरकार से मांग की कि परिवार को सरकारी नौकरी व करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए। साथ ही 16 दिसंबर तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। न होने पर 11 सदस्यीय कमेटी मुख्यमंत्री से मिलकर केस की जांच भिवानी जिले से बाहर कराने की मांग करेगी। करीब 12 से ढाई बजे तक चली खाप पंचायत में हरियाणा के अलावा यूपी व दिल्ली से भी खाप प्रतिनिधि पहुंचे। मंच का संचालन करते हुए छात्र नेता दीपक धनखड़ ने सर्वखाप पंचायत के सामने रोहित हत्याकांड का पूरा ब्यौरा दिया। बताया कि कैसे एक खिलाड़ी की हत्या की गई। हुड्डा खाप के नेता ओमप्रकाश हुड्डा ने कहा कि खाप पूरी तरह से पंचायत के साथ है। धनखड़ खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणबीर धनखड़, प्रदेश अध्यक्ष समुंद्र धनखड़, शमशेर धनखड़ 12 खाप अध्यक्ष, बुलंदशहर यूपी से जगबीर सिंह धनखड़ खाप का प्रधान, आनंद सिंह धनखड़ दिल्ली खाप, पूर्व सरपंच बखेता कृष्ण, तपा प्रधान रामकिशन मोखरा, संदीप पूर्व सरपंच हुमायूंपुर ने भी अपनी बात रखी। साथ में सतीश धनखड़, दहिया खाप प्रधान सुरेंद्र दहिया, नांदल खाप से चंचल नांदल, हुड्डा खाप प्रवक्ता कृष्ण लाल हुड्डा, ओमप्रकाश नांदल व हर्ष छिक्कारा ने अपनी बात रखी।