रोहतक में बुधवार को एचटेट के लिए प्रशासनिक अमला सुबह से ही अलर्ट नजर आया। प्रश्न पत्र सुरक्षा पहरे में परीक्षा केंद्रों पर भेजे गए। प्रश्न पत्रों के साथ अधिकारी व हथियारबंद जवान भी साथ भेजा गया। जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से 30 व 31 जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए कुल 41 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में तीन सत्रों में 25,374 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बुधवार को पहले दिन लेवल तीन के सायंकालीन सत्र में 27 केंद्रों पर 8,424 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक केंद्र पर 312 परीक्षार्थी होंगे। विद्यालय शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार स्कूलों में परीक्षा के चलते अवकाश रहा। एचटेट के लिए जिले के 41 केंद्रों की 100 मीटर की परिधि बाहरी लोगों का प्रवेश निषेध किया गया है। कोचिंग सेंटरों में पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने व हथियार, विस्फोटक सामग्री, तलवार, गंडासा, लाठी, बरछा, कुल्हाड़ी, जेली, चाकू व अन्य हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा।